जंगल में चल रहा था लाखों का जुए का अड्डा, कोतवाली पुलिस ने थार समेत 27.49 लाख रुपये का माल किया जब्त
सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में अवैध जुआ और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगल में संचालित एक जुए के अड्डे का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से महिंद्रा थार, नकदी, मोबाइल फोन और अन्य सामान सहित कुल 27,49,540 रुपये मूल्य का मशरूका जब्त किया।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम अमलीडीपा के भकुर्रा मोड़ के पास जंगल क्षेत्र में कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान चार लोगों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों और जुआ फड़ से 1,66,540 रुपये नकद, 7 मोबाइल फोन, एक महिंद्रा थार वाहन, 52 पत्ती ताश सहित अन्य सामग्री जब्त की। जब्त वाहन और अन्य संपत्ति को मिलाकर कुल मशरूका का मूल्य 27.49 लाख रुपये आंका गया है। आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओमप्रकाश चंद्रा उर्फ पोचु, कृतराम चंद्रा, रामशरण सिंह राजपूत और भगवान प्रसाद जायसवाल के रूप में हुई है। सभी आरोपी सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के विभिन्न गांवों के निवासी हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर यह भी पता लगा रही है कि इस अवैध जुआ गतिविधि से अन्य लोग जुड़े थे या नहीं।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रमोद यादव, पीएसआई विवेक चौहान सहित कोतवाली पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
