राजनांदगांव रेंज को मिले नए आईजी! पदभार संभालते ही अजय यादव एक्शन मोड में, अपराध और साइबर क्राइम पर सख्त संदेश
राजनांदगांव। राजनांदगांव रेंज के नए पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) अजय यादव ने पदभार ग्रहण कर अपनी जिम्मेदारियां संभाल ली हैं। कार्यभार संभालते ही उन्होंने कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, अपराध नियंत्रण को मजबूत करने तथा जनहितैषी पुलिसिंग को प्राथमिकता देने का स्पष्ट संदेश दिया।
पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद आईजी अजय यादव ने रेंज के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, गंभीर अपराधों, साइबर अपराध, लंबित मामलों और पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न विषयों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को अपराधों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस को तकनीक आधारित आधुनिक कार्यप्रणाली अपनाते हुए साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, समयबद्ध विवेचना और बेहतर जनसंपर्क के साथ कार्य करना होगा। साथ ही पुलिसिंग में पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।

नए आईजी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ जनता की शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों का पुलिस पर विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।
