सूरजपुर पुलिस की तत्परता से मुंबई से सुरक्षित वापस आया 9 वर्षीय बालक, पढ़ाई से बचने के लिए ट्रेन से पहुंचा था महाराष्ट्र
सूरजपुर। बसदेई चौकी क्षेत्र से लापता हुए 9 वर्षीय बालक को सूरजपुर पुलिस और बाल कल्याण समिति (CWC) की टीम ने महाराष्ट्र के मुंबई से सकुशल वापस लाने में सफलता हासिल की है। बालक के लापता होने के बाद पुलिस ने लगातार पतासाजी करते हुए उसे कल्याण, मुंबई में खोज निकाला और विधिवत प्रक्रिया पूरी कर वापस सूरजपुर लाया।

घर से निकला था, फिर नहीं लौटा
पुलिस के अनुसार, बालक के परिजन ने चौकी बसदेई में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका 9 वर्षीय बालक 15 सितंबर 2026 को यह कहकर घर से निकला था कि वह अपने पिता के पास जा रहा है, लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद भी जब बालक का पता नहीं चला तो किसी व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर भगाकर ले जाने की आशंका जताते हुए धारा 137(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल ने बालक की हरसंभव पतासाजी कर जल्द दस्तयाब करने के निर्देश दिए। इसके बाद बसदेई पुलिस ने विभिन्न स्तरों पर बालक की तलाश शुरू की।
कल्याण में मिली लोकेशन, पुलिस और CWC टीम मुंबई रवाना
जांच के दौरान पुलिस को बालक के कल्याण, मुंबई में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस और सीडब्ल्यूसी की टीम विधिवत रूप से महाराष्ट्र के लिए रवाना हुई। टीम ने उल्हासनगर बाल कल्याण समिति, महाराष्ट्र से बालक को अपने संरक्षण में प्राप्त किया और उसे सुरक्षित सूरजपुर वापस लाया।
बालक को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया। काउंसलिंग के बाद उसे सकुशल परिजनों को सौंप दिया गया।
पढ़ाई और स्कूल जाने से बचने के लिए पहुंचा था मुंबई
पूछताछ में बालक ने बताया कि वह पढ़ाई और स्कूल जाने से बचने के लिए 2-3 ट्रेनों में सफर करते हुए मुंबई पहुंच गया था। पुलिस और सीडब्ल्यूसी की टीम की तत्परता से बालक को सुरक्षित उसके परिवार तक वापस पहुंचाया जा सका।
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन और सीएसपी बेनार्ड कुजूर के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी बसदेई रघुवंश सिंह, प्रधान आरक्षक शिवकुमार सारथी, आरक्षक विकास पटेल तथा सीडब्ल्यूसी के दो सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।
