पलारी के ग्राम गातापार में तीन दिवसीय रणभौर मेला शांतिपूर्ण संपन्न, पुलिस ने जब्त किए 1000 से अधिक लोहे-स्टील के कड़े
पलारी (बलौदाबाजार):
ग्राम गातापार (पलारी) में आयोजित तीन दिवसीय रणभौर मेला शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित रूप से संपन्न कराने के लिए पुलिस द्वारा कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए। मेले के दौरान शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने सख्ती बरतते हुए व्यापक जांच अभियान चलाया।

मेले में आने वाले श्रद्धालुओं एवं युवाओं की तलाशी के दौरान पुलिस ने 1000 से अधिक स्टील व लोहे के कड़े जब्त किए। यह कड़े अक्सर भीड़ में झगड़े या मारपीट की स्थिति में हथियार के रूप में उपयोग किए जाते हैं, जिसे ध्यान में रखते हुए पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रणभौर मेले में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं आसपास के क्षेत्रों से लोग शामिल होते हैं। ऐसे में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रवेश द्वारों एवं मेला परिसर में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
तीनों दिनों तक पुलिस बल लगातार गश्त करता रहा और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई। पुलिस की सतर्कता और समय रहते की गई कार्रवाई के कारण मेला पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
ग्रामीणों एवं मेला समिति के सदस्यों ने पुलिस प्रशासन की सक्रिय भूमिका की सराहना करते हुए सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए सख्त निगरानी जारी रहेगी।
