भजन संध्या में साइबर सुरक्षा का अनोखा संदेश! ग्वालियर पुलिस ने हजारों लोगों को बताया डिजिटल ठगी से बचने का सबसे आसान तरीका
ग्वालियर। मध्यप्रदेश पुलिस के राज्यव्यापी ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान के तहत ग्वालियर पुलिस ने साइबर अपराधों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक अनूठा कार्यक्रम आयोजित किया। बाल भवन, सिटी सेंटर में आयोजित भजन संध्या के दौरान उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, बच्चों और आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुजावल जग्गा ने लोगों को बताया कि डिजिटल युग में साइबर अपराधी लगातार नए-नए तरीकों से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। ऐसे में जागरूकता और सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है।
उन्होंने नागरिकों को सलाह दी कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, अपना OTP, बैंक PIN, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। यदि किसी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी का सामना करना पड़े तो बिना समय गंवाए तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
कार्यक्रम के दौरान लोगों को केंद्र सरकार के CyberDost प्लेटफॉर्म से जुड़कर साइबर सुरक्षा संबंधी अपडेट और सावधानियां नियमित रूप से प्राप्त करने की भी सलाह दी गई।

ग्वालियर पुलिस ने उपस्थित नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं सतर्क रहें और अपने परिवार, मित्रों तथा परिचितों को भी साइबर अपराधों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करें। पुलिस का कहना है कि सामूहिक जागरूकता से ही डिजिटल ठगी जैसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।
सेफ क्लिक 2.0 अभियान के माध्यम से ग्वालियर पुलिस लगातार विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, शैक्षणिक संस्थानों और सामाजिक आयोजनों में पहुंचकर नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित कर रही है, ताकि साइबर अपराधों के खिलाफ समाज को अधिक जागरूक और सुरक्षित बनाया जा सके।
