बेमेतरा में रोड सेफ्टी का महाअभियान: SSP रामकृष्ण साहू की अगुवाई में वॉकथॉन, एरोबिक्स और जुंबा से गूंजा ‘सेफ ड्राइव’ का संदेश
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत बेमेतरा में ट्रैफिक अवेयरनेस को लेकर एक भव्य और अनोखा कार्यक्रम आयोजित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू (IPS) के निर्देश पर बेमेतरा ट्रैफिक पुलिस द्वारा वॉकथॉन, एरोबिक्स और जुंबा कार्यक्रम के जरिए आम जनता को सुरक्षित ड्राइविंग का संदेश दिया गया।


इस कार्यक्रम का शुभारंभ स्वयं एसएसपी श्री रामकृष्ण साहू के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हरीश कुमार यादव, डीएसपी (मुख्यालय) श्री राजेश कुमार झा, ट्रैफिक प्रभारी श्री प्रवीण खलखो, जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी, शिक्षक, बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं, मीडिया प्रतिनिधि और पुलिस स्टाफ मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान एरोबिक्स और जुंबा के माध्यम से स्वास्थ्य, मनोरंजन और जागरूकता का अनोखा संगम देखने को मिला। जुंबा इंस्ट्रक्टर निधि दुबे के मार्गदर्शन में पुलिसकर्मियों और विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ जुंबा कर सड़क सुरक्षा का संदेश दिया।

इसके बाद ट्रैफिक कार्यालय परिसर से एक वॉकथॉन रैली निकाली गई, जो भारत माता चौक, जय स्तंभ चौक, परशुराम चौक और सिग्नल चौक होते हुए पुनः ट्रैफिक कार्यालय में समाप्त हुई। “स्टेप बाय स्टेप” चलते हुए प्रतिभागियों ने आम लोगों को यह संदेश दिया कि ट्रैफिक नियमों का पालन ही सड़क दुर्घटनाओं से बचाव का सबसे बड़ा उपाय है।

एसएसपी श्री रामकृष्ण साहू ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की नहीं बल्कि समाज के हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वस्थ शरीर और सतर्क दिमाग ही सुरक्षित ड्राइविंग की नींव हैं। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे स्वयं भी ट्रैफिक नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
बेमेतरा पुलिस द्वारा लगातार चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों और सख्त प्रवर्तन कार्यवाही का असर अब साफ दिखाई दे रहा है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी आने लगी है।
